Top News

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: जमशेदपुर में 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' थीम पर होगा व्यापक आयोजन, उपायुक्त राजीव रंजन ने दिए ग्राम स्तर तक भव्य कार्यक्रम के सख्त निर्देश।


 - सोहन साह 

पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में इक्कीस जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में संबंधित विभागों के सभी पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि योग दिवस का यह कार्यक्रम जिला स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर तक इसका व्यापक रूप से सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए ताकि आम लोगों को योग के फायदों के प्रति जागरूक करें।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम सुबह छह बजे से आठ बजे तक खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित होगा। इस आयोजन को जन अभियान बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, पुलिस बलों, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वास्थ्य कर्मियों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, पार्क, वृद्धाश्रम, अस्पताल और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हों। साथ ही लोगों को तनाव प्रबंधन, मधुमेह और उच्च रक्तचाप से बचाव की आवश्यक जानकारी देकर स्वस्थ निरोगी जीवन के लिए लगातार प्रेरित किया जाए।

सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में कार्यरत सभी कर्मियों को वाई ब्रेक प्रोटोकॉल की जानकारी देने तथा कार्यस्थल पर कम से कम दस मिनट योगाभ्यास करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए सोशल मीडिया, नुक्कड़ नाटक, होर्डिंग और बैनर के माध्यम से सघन जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विद्यालयों में योग पर सेमिनार और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर तैयारियां समय पर पूरी करने का सख्त निर्देश दिया है ताकि योग को एक जन आंदोलन बनाकर पूर्ण रूप से स्वस्थ समाज बन सके

Post a Comment

और नया पुराने