Top News

जमशेदपुर: डीसी ने की समाज कल्याण विभाग की समीक्षा, जून तक आंगनबाड़ी नियुक्तियां और जुलाई तक निर्माण पूरा करने का सख्त निर्देश

 


- सोहन साह 

पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में समाज कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में आंगनबाड़ी सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए हैं। जिले में रिक्त पड़े बयालीस आंगनबाड़ी सेविका और पचपन सहायिका पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है। डीसी ने आमसभा आयोजित कर जून माह के अंत तक नियुक्तियां पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है। इसके अलावा, निर्माणाधीन सत्रह आंगनबाड़ी केंद्रों का काम हर हाल में जुलाई तक पूरा करने और नवनियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित रूप से केंद्रों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की बहाली पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को जून के भीतर लंबित शौचालय और नल जल योजनाओं को पूरा करने को कहा है। केंद्रों में बिजली कनेक्शन सुनिश्चित करने की कार्रवाई तेज की जाएगी। सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए, फेशियल रिकग्निशन सिस्टम में खराब प्रदर्शन करने वाले धालभूमगढ़, बहरागोड़ा और पटमदा के बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पंद्रह दिनों के भीतर शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने और पोषण ट्रैकर पर नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने की सख्त चेतावनी दी गई है।

कुपोषण मुक्ति अभियान को लेकर भी प्रशासन काफी सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त ने कुपोषण उपचार केंद्रों में शत प्रतिशत ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उनके इलाज में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए डीसी ने सभी पात्र लाभार्थियों को तत्काल योजना से जोड़ने को कहा है। लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है ताकि सभी माताओं को समय पर उचित लाभ मिल सके

Post a Comment

और नया पुराने