Top News

विश्व रक्तदाता दिवस पर हजारीबाग जिला प्रशासन द्वारा सदर अस्पताल में आयोजित हुआ विशाल रक्तदान शिविर, 70 यूनिट रक्त का संग्रहण, अब हर माह होगा यह पुनीत आयोजन

 


विश्व रक्तदाता दिवस पर हजारीबाग जिला प्रशासन द्वारा सदर अस्पताल के नए ओपीडी भवन में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस मानवीय मुहिम में जिले के युवाओं, प्रबुद्ध नागरिकों और सरकारी कर्मियों ने भारी संख्या में भाग लिया। दिनभर चले इस शिविर में कुल 70 यूनिट बहुमूल्य रक्त का संग्रहण हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित कर आपातकालीन मरीजों की जान बचाना और रक्तदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर कर जागरूकता बढ़ाना था। प्रशासन ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर उनके इस अनुकरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया।




रक्तदान के इस पुनीत अवसर पर जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन ने एक अहम निर्णय लिया है कि सदर अस्पताल में रक्त की कमी न हो, इसके लिए अब हर महीने ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय ने खुद उपस्थित होकर रक्तदाताओं के बेड तक जाकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बताया कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रेम कुमार और जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्था संभाली।




इस शिविर को सफल बनाने में सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ जिले की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया। रेड क्रॉस सोसाइटी और उसकी यूथ विंग के प्रतिनिधियों ने शिविर के संचालन, रक्तदाताओं के पंजीकरण और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन ने सभी रक्तदाताओं, युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने संदेश दिया कि समाज के ऐसे ही सामूहिक सहयोग से सुदूर क्षेत्रों के मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है, जिससे भविष्य में किसी भी मरीज की जान न जाए।


- मनीष कुमार, संवाददाता (हजारीबाग)

Post a Comment

और नया पुराने