हजारीबाग जिले के रोमी पंचायत स्थित छड़वा क्रिकेट मैदान के पास रविवार सुबह एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान फ्रेंड्स कॉलोनी, पेलावल निवासी इमरान खान उर्फ सोनू के रूप में की गई है। इस रहस्यमयी घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना पाकर पेलावल थाना प्रभारी बिट्टू रजक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को घटनास्थल से जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनमें मृतक का मोबाइल फोन, जेब से एक लॉटरी टिकट, एक चप्पल और कुछ दूरी पर पड़ी एक चाबी शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने एक लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल भी बरामद की है जो रात में गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में मिली थी। दूसरी ओर, इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने मृतक के ससुराल पक्ष पर साजिशन हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि सबूत मिटाने के उद्देश्य से ही निर्मम हत्या के बाद शव को सुनसान मैदान के पास फेंका गया है।
हत्या के विरोध में उग्र परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर इन्द्रपुरी चौक को पूरी तरह जाम कर दिया और प्रशासन से दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। जाम स्थल पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने भी पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और गिरती कानून व्यवस्था पर तीखा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए शहर की स्थिति की तुलना 'उड़ता हजारीबाग' से की। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
- मनीष कुमार, संवाददाता (हजारीबाग)



एक टिप्पणी भेजें