इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे अपराधियों का मुख्य मकसद लूटपाट माना जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, हत्यारों ने बुजुर्ग महिला को मौत के घाट उतारने के बाद घर में रखे कीमती सामानों पर हाथ साफ कर लिया। महिला के शरीर पर मौजूद सोने-चांदी के पारंपरिक गहने और गले की कीमती 'हंसुली' गायब मिली है। पुलिस को अंदेशा है कि लूट के इरादे से ही घर में प्रवेश किया गया था और शायद किसी स्थानीय गिरोह ने पहले से ही रेकी कर रखी थी। पुलिस इस पूरे मामले को संपत्ति और आभूषण लूटपाट के एंगल से गहराई से जांच रही है।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़कागांव पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। आक्रोशित ग्रामीण और परिजन अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और साइबर सेल की टीम को जांच में लगा दिया गया है। पूरे इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी सुराग जुटाकर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- मनीष कुमार, संवाददाता (हजारीबाग)

एक टिप्पणी भेजें