Top News

JEE-Advanced: पलामू के स्वरित रंजन ने झारखंड में चौथी रैंक लाकर रचा इतिहास, 'सेकंड स्कूल' के शिक्षक भी हुए सम्मानित

 


पलामू के प्रतिभाशाली छात्र स्वरित रंजन ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा, जेइई एडवांस्ड में झारखंड राज्य में चौथा स्थान प्राप्त कर जिले और पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। स्वरित की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख नेताओं सनी शुक्ला, आशुतोष विनायक और सैयद फैज़ल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्र और पलामू के प्रसिद्ध शिक्षक ऋषिकेश पाण्डेय को सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान झामुमो नेता सनी शुक्ला ने कहा कि स्वरित रंजन के साथ-साथ पलामू के अन्य प्रतिभावान छात्र जैसे स्वरित पाण्डेय, अविनाश कुमार, अंशु कुमारी, रिमझिम कुमारी और सुमित यादव ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर पलामू का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने आगे कहा कि ऋषिकेश पाण्डेय जैसे समर्पित शिक्षक ने पलामू के बच्चों को सही दिशा और शिक्षा प्रदान कर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसके लिए पूरा समाज उनका आभारी है।


इस अवसर पर आशुतोष विनायक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हिंदी माध्यम से पढ़ाई करने वाले छात्र और रामगढ़ जैसे छोटे क्षेत्रों से निकलकर युवा राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर रहे हैं, जो एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि 'सेकंड स्कूल' जैसे संस्थान छात्रों को मार्गदर्शन देकर आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंचाने का कार्य बखूबी कर रहे हैं, जो पलामू और झारखंड में शिक्षा के बढ़ते स्तर और गुणवत्ता को दर्शाता है। उन्होंने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और 'सेकंड स्कूल' के संस्थापक शिक्षक ऋषिकेश पाण्डेय को बधाई दी। अपने संबोधन में भावुक होते हुए शिक्षक ऋषिकेश पाण्डेय ने कहा कि किसी भी शिक्षक के लिए सबसे गर्व और संतोष का क्षण वह होता है जब उसके छात्र उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करते हैं और सफलता के शिखर पर पहुंचते हैं। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनका उद्देश्य है कि झारखंड का कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों को छोटा न करे या अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वरित रंजन जैसे प्रतिभावान छात्र अपने माता-पिता, समाज और राज्य का नाम रोशन करने के साथ-साथ प्रदेश के लाखों अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। स्वरित रंजन की इस असाधारण सफलता से पूरे पलामू क्षेत्र में खुशी और जश्न का माहौल है और यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है। इस खास मौके पर शहर के मशहूर इन्फ्लुएंसर त्रिदेव उपाध्याय, राजू दुबे सोनू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने छात्र और शिक्षक का उत्साहवर्धन किया।

Post a Comment

और नया पुराने